ज़िंदगी मेरी?-25 #AtulChaturvediKeKisse

ज़िंदगी मेरी?-25 #AtulChaturvediKeKisse गर्मियों की छुट्टियाँ पता ही नहीं चला कि कब खत्म हो गयीं और हम लोग सब अपने-अपने घरों से वापस हॉस्टल आ चुके थे। पिछले और इस साल में देवरिया के कुछ नए साथी हॉस्टल में आए थे। उनके नाम मुकुट बिहारी अग्रवाल, नरेंद्र रुंगटा और एक और थे जिनका नाम अभी लिखते समय याद नहीं आ रहा है। हॉस्टल की जीवनचर्या फिर से अपने ढर्रे पर थी। इस साल मेहनत शुरू से ज्यादा थी क्योंकि हम लोगों के स्कूल में आठवीं कक्षा का इम्तहान बोर्ड का होता था और उसका बहुत महत्व हुआ करता था उस वक्त। इस पूरे वर्ष में पूरा जोर पढ़ाई पर रहा था। दिवाली और जाड़ों की छुट्टियों में घर गए और लौट आए, पर धुन हम लोगों को बोर्ड की सवार थी। एक दिन स्कूल में किसी बच्चे ने बताया कि उसने सुना है कि यदि माथे पर जहाँ तिलक करते हैं, उस जगह 100 बार तिलक की तरह घिस लिया जाए तो पढ़ाई में मन की इच्छा पूरी हो जाती है। तो फिर क्या था! आखिर परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का इससे सहज क्या उपाय संभव था और छुप-छुपकर कई लोग इस काम में लग गए। मैंने तो पूरे 100 बार घिसा, जिसका परिणाम था कि अगली सुबह माथे पर उस स्थान पर चोट जैसा खुरंट का निशान तिलक की शेप का पड़ गया था और उसमें बहुत तकलीफ थी। दरअसल जीवन में व्यक्ति को सफलता के आसान मार्ग सदैव सुहाते हैं। लेकिन जब बहन जी को यह मालूम पड़ा तो उन्होंने पहले तो मुझको डाँटा और फिर बहुत प्यार से समझाया कि अच्छे नंबर लाने का पढ़ाई के अलावा कोई विकल्प नहीं है। हॉस्टल में रहते यह तीसरा वर्ष था और इस समय में बहन जी का मुझ पर बहुत विश्वास और स्नेह हो गया था। आज मुझको लगता है कि उनकी कड़ाई ने भी हमको जीवन में बहुत कुछ सिखाया। हॉस्टल में ही बहन जी की एक रिश्तेदार आकर सिविल सर्विसेज या कहूँ कि सरकारी नौकरी के लिए रहकर तैयारी कर रही थीं और उनका नाम था सुश्री साधना भार्गव। उनसे भी उन दिनों हम लोगों का बहुत संपर्क रहता था और वह अपने अच्छे स्वभाव के कारण हम लोगों में पॉपुलर भी काफी थीं। बाद में मालूम पड़ा कि उनका सलेक्शन यू.पी. की ज्यूडिशियल सर्विस में हो गया था। यह सन 1973 या 1974 की बात रही होगी। बाद में कभी 1990 या 2000 के दशक में मुझको किसी से पता चला कि एक श्रीमती साधना भार्गव फिरोजाबाद में डिस्ट्रिक्ट जज या ऐडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज होकर पोस्ट हुई हैं। तो मैंने एक बार उनसे बात की, किन्तु उनको भारत भारती के दिनों की कुछ बात याद नहीं थी। भारत भारती में जब हम कक्षा 7 में थे तो वहाँ के दो टीचर मुझको और याद हैं। एक तो थे सीनियर टी. के. दास आचार्य जी के भाई ए. के. दास आचार्य जी और दूसरे कोई बिहार के रहने वाले सिंह आचार्य जी थे। ए. के. दास आचार्य जी का उस वर्ष कस्टम की किसी सेवा में सलेक्शन हो गया था और सिंह आचार्य जी का भी किसी सरकारी सेवा में चयन हो गया था। जैसा मैंने बताया कि हम लोगों को पढ़ाई करके बोर्ड में अच्छे नंबर लाने की बहुत ललक पैदा हो गयी थी, किन्तु एक समस्या आ रही थी कि हॉस्टल में रात को जल्दी बत्ती बंद कर दी जाती थीं सोने के लिए। तो हम कुछ दोस्तों ने इसका एक रास्ता निकाला। जैसा मैंने पहले लिखा है कि हॉस्टल के बाहर मैदान में एक नींबू का झाड़ था और उसके ऊपर एक लैंप पोस्ट हुआ करता था जो सारी रात जलता था। तो रात को हम दो-तीन लोग चुपचाप हॉस्टल का दरवाजा खोलकर उस नींबू के झाड़ के अंदर बैठते क्योंकि वहाँ खूब जगह थी और रोशनी भी खूब आती थी। रात को 12–1 बजे तक पढ़ाई करते। धीरे-धीरे साल बीत गया और बोर्ड के इम्तहानों का समय आ गया। पहली परीक्षा पी.टी. और स्वास्थ्य आदि की थी जिसमें प्रैक्टिकल होता था। उसमें बाहर से परीक्षक आते थे। सब बच्चों को कमांड देने और पी.टी. में सारे कार्यक्रमों का नेतृत्व करने का काम हमारे साथी अशोक द्विवेदी का था, लेकिन उस परीक्षा के ठीक पहले उसको तेज बुखार आ गया और वह जिम्मेदारी फिर मुझ पर आई। अब समस्या यह थी कि अशोक द्विवेदी तो पूरे साल से यह काम करता आ रहा था और मेरे पास मात्र एक या दो दिन ही थे वह सब सीखने को। किन्तु मैंने सीखा और शायद अशोक द्विवेदी ने भी मेरी मदद की। सारे स्कूल को इस बात की चिंता थी कि कुछ गड़बड़ नहीं हो जाए क्योंकि बाहर के परीक्षक के सामने स्कूल की इज्जत का सवाल था। किन्तु सब ठीक और बहुत अच्छे से हुआ और मेरे बाद में उस पेपर में पूरे स्कूल में सर्वाधिक नंबर आए। हम लोगों की परीक्षा का सेंटर इलाहाबाद में साउथ मलाका के एक स्कूल में पड़ा था जिसमें जमीन पर टाट-पट्टी पर बैठकर परीक्षा लिखनी थी, जिसका हमारा कोई अभ्यास नहीं था। पर क्या कर ही सकते थे और इम्तहान सबने उन्हीं परिस्थितियों में दिया। बाद में उस अनुभव ने यह भी सिखाया-समझाया कि न जाने कितने बच्चे पूरे साल उसी टाट-पट्टी पर पढ़ते थे। हमारे बोर्ड के एग्जाम में एक इनविजिलेटर थे गुलाब सिंह मास्टर साहब, जो बहुत कड़क थे। धोती-कमीज पहने, मूँछों वाले कड़क चेहरे के गुलाब सिंह आचार्य जी ने सभी परीक्षार्थियों पर अपना एक दबदबा बना लिया था और वह जिधर घूमते हुए पहुँच जाते, उधर सन्नाटा हो जाता था। मुझको याद है कि गणित का पेपर था और हम बच्चों को वह पेपर बहुत कठिन लग रहा था। सवाल सॉल्व करते वक्त हम सब इधर-उधर ताक रहे थे कि गुलाब सिंह मास्टर साहब वहाँ आ गए और मुझसे कड़क स्वर में बोले, "क्या बात है?" मैंने घबराते हुए कहा कि "कुछ नहीं आचार्य जी, पर ये सवाल नहीं आ रहा है।" तो वह मुस्कुराये और हम लोगों से बोले, "अरे इस तरह नहीं, इसको दूसरे इस तरीके से करके देखो।" और सभी बच्चों ने जब वैसे किया तो सवाल हल हो गया था। मास्टर साहब गुलाब सिंह जी के कड़क चेहरे के पीछे एक वात्सल्य भरा चेहरा अब हम सबको नजर आ रहा था। बोर्ड की परीक्षाएँ समाप्त हो गयी थीं और हम सब साथी अब बिछड़ रहे थे। हॉस्टल छोड़ते समय वहाँ बिताए पलों की मधुर स्मृतियाँ हमारे साथ थीं। 1974 में जब मैंने भारत भारती छोड़ा, उसके बाद शिव कुमार बर्नवाल, हर्ष वर्धन और आदित्य सिंह से तो कुछेक बार मुलाकात हुई। बाकी वहाँ के किसी साथी से कभी फिर मुलाकात नहीं हुई, न किसी का कोई पता मिला और न ही फिर कभी बहन जी से मुलाकात हुई। यद्यपि एक बार किसी ने बताया कि वो शायद बाद में बैतूल में रहने लगी थीं। गर्मियों में बोर्ड की परीक्षा का रिजल्ट आ गया था और पूरे स्कूल में मेरे सर्वाधिक नंबर आए थे। स्कूल में अकेले मेरी फर्स्ट डिवीजन आयी थी और वहाँ सर्वाधिक नंबर लाकर मैंने टॉप किया था। यानी भारत भारती जाकर मेरी पढ़ाई का रिजल्ट अच्छा रहा था और इस सबसे मम्मी, पापा,मिन्नी,गुड्डू,बड़ी मौसी,मौसाजी और बाबा आदि का प्रसन्न होना तो बनता ही था। अब आगे की पढ़ाई की तैयारी थी, लेकिन उसकी चर्चा अगले लेख में। आज के लिए बस इतना ही। शेष फिर….. #ZindagiMeri #YaadonKaSafar #BachpanKiYaadein #SchoolDays #BharatBharatiTales #AllahabadMemories #HostelLife #SchoolMemories #1970sMemories #BoardExams #AtulChaturvediKeKisse

Comments

पाठकों की पसंद

दिल्ली:बलबन का मकबरा

दिल्ली की भूल भुलैया;आधम खान का मकबरा

आज 20 अगस्त स्व0 राजीव गांधी जी के जन्मदिन के अवसर पर उनसे जुड़े मेरे कुछ संस्मरण

Jamali Kamali Mosque,Mehrauli,Delhi

Sindbad Travels-5