हमारी मान्यताएँ, परम्पराएँ, धर्म और जीवन — 3 । सनातन संस्कृति और धर्म : भौतिक तथा आध्यात्मिक पक्ष
हमारी मान्यताएँ, परम्पराएँ, धर्म और जीवन — 3
सनातन संस्कृति और धर्म : भौतिक तथा आध्यात्मिक पक्ष
हम अपने पिछले दो लेखों में अपने हिन्दू धर्म, समाज और संस्कृति के कुछ पहलुओं पर खाने-पीने के नियमों और यज्ञोपवीत के माध्यम से चर्चा कर चुके हैं। जैसा मैंने पहले भी कहा है कि दरअसल हमारे इस सनातन धर्म के, जिसको हिन्दू धर्म भी कहते हैं, दो प्रमुख पहलू हैं। एक वह जो विशुद्ध सांस्कृतिक और रोजमर्रा के लाइफ स्टाइल के मामलों से जुड़ा है और नितांत व्यावहारिक है, जिसमें नियम हैं, कायदे हैं, मान्यताएँ हैं और इनमें अविरल जल की तरह बहते हुए परिवर्तन को स्वीकार करने की नजीरें भी हैं।
धर्म के इस पक्ष में हम रोजमर्रा के जीवन को बेहतर और नियमित बनाने के तथा लाइफ स्टाइल के माध्यम से जीवन के उत्थान के अनेकों प्रयत्न और उदाहरण देखते हैं। हम देखते हैं कि समय के साथ जो प्रथाएँ बोझिल होती जाती हैं, उनको इस धर्म के लोग एक झटके से तो नहीं छोड़ते, किन्तु शनैः-शनैः उनका रूप बदलते हुए उनका पूर्ण त्याग भी कर देते हैं। इसके अनेकों उदाहरण हैं।
जब मैं छोटा था, यानी कि सन् 1960 के दशक की बात है, मैंने अपने घर और अपने समाज में देखा कि मेरी माँ और अन्य महिलाएँ जब कहीं जाती थीं तो घूँघट निकालकर और कपड़ों के ऊपर एक चादर ओढ़कर जाती थीं, जिसको हमारे यहाँ पिछौरा बोला जाता था। जब ये महिलाएँ दूसरे के घर पहुँचतीं तो उस घर की महिला आगंतुक महिला का पिछौरा उतारती और पौरी में किसी खूंटी पर टाँग देतीं और जब ये वापस अपने घर को निकलतीं तो फिर से पिछौरा ओढ़ लेतीं। घर में भी मैंने महिलाओं को घर के ही बड़े मर्दों से घूँघट और पर्दा करते देखा है।
मुझको याद है कि जब सन् 1969 में मेरी दादी की मृत्यु हो गयी और हमारे नए घर में हमारे बाबा, पापा, मम्मी और हम बच्चे थे, तो एक दिन हमारे बाबा ने हमारी मम्मी से कहा कि अब तुम घूँघट करना छोड़ दो, क्योंकि यदि इन बच्चों के पापा कहीं बाहर गए हुए हों और हमको कोई जरूरी बात कहनी हो तो इस पर्दा प्रथा के कारण कहना संभव ही नहीं होगा।
और इस प्रकार से मम्मी ने पर्दा त्यागा।
बाद में जब हम लोगों की शादियाँ हुईं तो हमारे पापा-मम्मी ने हम भाइयों में किसी की पत्नी को घूँघट के पालन के लिए नहीं कहा और इस प्रकार से हमारी जेनेरेशन में पर्दे की प्रथा पूरे तौर पर घर से खत्म हो चुकी थी।
लेकिन इसका ये अर्थ कहीं नहीं था कि बड़ों का सम्मान नहीं था या सनातन हिन्दू धर्म से कहीं कोई विलगाव था। अपितु हम सब अपने को पूरा धार्मिक मानते ही हैं।
और ये परिवर्तन मात्र हमारे घर में नहीं हो रहा था, अपितु पूरे समाज में हो रहा था, क्योंकि ये वक्त की माँग थी। वक्त के साथ परिवर्तित होते रहने के कारण, अपने ही समाज की समस्याओं के उत्तर खोजकर उनको अपने में समाहित करने के कारण ही सनातन धर्म या सनातन संस्कृति आज भी अपनी रफ्तार से चल रही है, न कि किसी कट्टरता के कारण।
अब यहाँ एक बात और भी विचार करने योग्य है। पर्दा प्रथा का त्याग करने से न तो परिवार टूट गया, न बड़ों का सम्मान कम हुआ और न ही हमारी धार्मिक मान्यताओं पर कोई संकट आया। यानी कि जिस प्रथा को एक समय सामाजिक मर्यादा का अंग समझा जाता था, उसके समाप्त हो जाने पर भी परिवार और समाज के मूल सम्बन्ध बने रहे। इससे एक प्रश्न तो उठता ही है कि आखिर हमारी कितनी सामाजिक परम्पराएँ ऐसी हैं जिनको हम धर्म का अनिवार्य अंग मानने लगते हैं, जबकि वे दरअसल किसी विशेष समय और सामाजिक परिस्थिति की उपज होती हैं?
ये एक अलग बात है कि इस संस्कृति में एक साथ कई धाराएँ चलती हैं, जिनमें कुछ कट्टरता की आवाज भी बुलंद करती हैं। लेकिन इसके साथ ही उदारता, परिवर्तन और सुधार की धाराएँ भी सदैव सक्रिय रही हैं। मेरा मानना है कि इसी प्रोग्रेसिव ऐटीट्यूड और अपने भीतर सुधार करने की क्षमता के कारण हमारी संस्कृति और धर्म इतने लंबे समय से चले आ रहे हैं।
इस धर्म और संस्कृति का दूसरा पहलू आध्यात्मिक भी है, किन्तु उस पर चर्चा अभी आगे के लेखों में विस्तार से करेंगे। परंतु यहाँ यह जरूर कहना चाहूँगा कि ये जो हमारा सनातन हिन्दू धर्म है, इसका न कोई एक सर्वमान्य गुरु है, न कोई एक ऐसा ग्रंथ या पुस्तक है जिसको सभी सम्प्रदाय समान रूप से अंतिम प्रमाण मानते हों और न ही कोई एक सर्वमान्य फिलॉसफी या दर्शन है। और यही बात इसको विशिष्ट बनाती है।
इसकी यही विशेषता है कि यदि इसमें द्वैत दर्शन है तो अद्वैत भी है। आस्तिक विचारधाराएँ हैं तो ईश्वर के अस्तित्व पर प्रश्न उठाने वाली दार्शनिक धाराएँ भी भारतीय चिन्तन की परम्परा में रही हैं। हमारे यहाँ न्याय, वैशेषिक, सांख्य, योग, मीमांसा और वेदान्त जैसे षड्दर्शन हैं, तो चार्वाक जैसा भौतिकवादी दर्शन भी भारतीय दर्शन के इतिहास का अंग है।
यानी कि यहाँ विचारों की एकरूपता के बजाय विचारों की विविधता दिखाई देती है। कोई ईश्वर को मानकर उसकी आराधना करता है, कोई आत्मा और ब्रह्म के सम्बन्ध को समझने का प्रयत्न करता है, कोई कर्म और ज्ञान को महत्व देता है तो कोई प्रत्यक्ष अनुभव को ही ज्ञान का प्रमुख आधार मानता है।
मेरे विचार से यह विविधता हमारी दार्शनिक परम्परा की एक बड़ी विशेषता है।
हमारे यहाँ सनातन हिन्दू धर्म के व्यावहारिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पक्षों में समन्वय करने वाले तथा आध्यात्मिक और दार्शनिक पक्ष को भी नयी ऊँचाई तक पहुँचाने वाले कई उदाहरण हैं, किन्तु इनमें आदिगुरु शंकराचार्य का नाम बहुत प्रसिद्ध और बड़ा है।
एक ओर तो उन्होंने अपने समय में सनातन धर्म की विभिन्न धाराओं के बीच समन्वय का प्रयास किया, जिनमें शैव, वैष्णव और शाक्त सम्प्रदाय प्रमुख थे। साथ ही उन्होंने बौद्ध दर्शन सहित अपने समय की विभिन्न दार्शनिक मान्यताओं से शास्त्रार्थ और वैचारिक संवाद भी किया।
यहाँ बौद्ध और जैन धर्मों के सम्बन्ध में भी एक बात कहना चाहूँगा। इन दोनों की अपनी स्वतंत्र दार्शनिक और धार्मिक परम्पराएँ हैं, किन्तु ये भी भारतीय समाज और चिन्तन की उसी व्यापक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि में विकसित हुए जिसमें वैदिक तथा अन्य धार्मिक धाराएँ विद्यमान थीं। इन्होंने तत्कालीन धार्मिक मान्यताओं, कर्मकांडों और सामाजिक व्यवस्थाओं के अनेक पहलुओं पर प्रश्न उठाए तथा भारतीय समाज को नये विचार दिए।
इस प्रकार हम देखते हैं कि भारतीय संस्कृति का विकास केवल एक विचारधारा के माध्यम से नहीं हुआ, बल्कि अनेक विचारधाराओं के आपसी संवाद, मतभेद और प्रभाव से हुआ है।
जहाँ तक आध्यात्मिक पक्ष का सवाल है तो आदिगुरु शंकराचार्य ने अद्वैत वेदान्त के माध्यम से इस सनातन हिन्दू धर्म के आध्यात्मिक और दार्शनिक पक्ष को नयी चेतना देते हुए उसको नयी ऊँचाई भी दी। उन्होंने आत्मा और ब्रह्म की एकता के सिद्धान्त को जिस प्रकार व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत किया, उसका भारतीय दर्शन पर बहुत गहरा प्रभाव पड़ा।
उनसे जुड़ी परम्पराओं में पूजा और साधना की विभिन्न पद्धतियों के समन्वय का भी उल्लेख मिलता है। श्रीविद्या जैसी प्राचीन शाक्त साधना परम्पराओं में भी शंकराचार्य का महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है, यद्यपि इन परम्पराओं के ऐतिहासिक विकास और उनसे शंकराचार्य के सम्बन्ध को लेकर विद्वानों के अलग-अलग मत हैं।
अब इस पर एक और चर्चा करना समीचीन होगा।
आमतौर पर हम पश्चिमी संस्कृति की चर्चा करते समय भौतिक सुखों और समृद्धि पर उसके जोर की बात करते हैं, जबकि सनातन हिन्दू धर्म की कुछ आध्यात्मिक धाराओं में भौतिक सुखों और सांसारिक आसक्ति को आध्यात्मिक उन्नति में बाधक माना गया है। हालाँकि पश्चिमी दर्शन में भी आध्यात्मिक चिन्तन की समृद्ध परम्पराएँ हैं और हमारे यहाँ भी भौतिक जीवन के महत्व को स्वीकार किया गया है।
दरअसल यह एक बहुत बड़ी डिबेट का विषय है।
सही बात यह है कि आम मनुष्य तो सुख की चाह ही करता है। वह अपने लिए, अपने परिवारीजनों के लिए, अपने समाज के लिए, अपने देश के लिए और फिर समस्त सृष्टि के लिए सुख की कामना करता है।
और सही अर्थों में देखा जाए तो सनातन संस्कृति में इसका कहीं विरोध भी नहीं है, क्योंकि यहाँ भी कहा यही गया है कि—
“सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग्भवेत्।”
अर्थात सभी सुखी हों, सभी निरोग हों, सभी का कल्याण हो और किसी को भी दुःख न मिले।
यहाँ एक और बात ध्यान देने योग्य है। हमारे यहाँ जीवन के चार पुरुषार्थ बताए गए हैं—धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष।
इन चारों में अर्थ और काम का भी स्थान है। यानी कि धन अर्जित करना, अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करना, परिवार का पालन करना और जीवन के सुखों का उपभोग करना अपने आप में कोई निषिद्ध बात नहीं मानी गयी। हाँ, इसके साथ धर्म अर्थात उचित आचरण और जीवन के नैतिक पक्ष को भी महत्व दिया गया।
इसका अर्थ तो यही हुआ कि हमारी परम्परा में भौतिक जीवन और आध्यात्मिक जीवन को हमेशा एक-दूसरे का विरोधी नहीं माना गया।
बस फर्क यह है कि सनातन की कुछ आध्यात्मिक धाराओं में सुख की सर्वोच्च अवधारणा भौतिक सुख से आगे जाकर सांसारिक आसक्तियों से मुक्त होने, आत्मज्ञान प्राप्त करने अथवा जन्म-मृत्यु के बंधनों से छुटकारा पाकर मोक्ष प्राप्त करने की रही है।
लेकिन इस सनातन हिन्दू संस्कृति और धर्म के अध्येता यह भी जानते थे कि आमजन के लिए ऐसा करना आसान नहीं है और न ही हर व्यक्ति का जीवन एक जैसा हो सकता है। इसीलिए यहाँ गृहस्थ जीवन को भी उतना ही महत्व दिया गया। पूजा, उपासना, मूर्ति पूजा, विभिन्न कर्मकांडों और धार्मिक अनुष्ठानों की परम्पराएँ भी विकसित हुईं, जिनके माध्यम से सामान्य मनुष्य अपने पारिवारिक और सामाजिक जीवन के साथ धार्मिक जीवन भी जी सके।
हमारे यहाँ आश्रम व्यवस्था में ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ और संन्यास की कल्पना भी इसी बात की ओर संकेत करती है कि मनुष्य के जीवन की अलग-अलग अवस्थाओं और उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया गया था।
अब प्रश्न यह है कि यदि हमारी अपनी परम्परा में अर्थ, काम और गृहस्थ जीवन को महत्व दिया गया है तो फिर हम भौतिक समृद्धि को आध्यात्मिक उन्नति का विरोधी क्यों मानें?
क्या एक व्यक्ति अपने परिवार को अच्छा जीवन देने, अपने समाज और देश को समृद्ध बनाने तथा साथ ही साथ आध्यात्मिक रूप से उन्नत होने का प्रयास नहीं कर सकता?
मेरे विचार से तो कर सकता है।
बल्कि मैं तो यह भी सोचता हूँ कि जिस व्यक्ति के मन में अभाव है, जो अपने परिवार की सामान्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए ही परेशान है, उसके लिए आध्यात्मिक चिन्तन और साधना की ओर ध्यान देना कितना कठिन होगा। हालाँकि इतिहास में ऐसे भी अनेक उदाहरण हैं जब अभावों में रहने वाले लोगों ने आध्यात्मिक ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं, किन्तु सामान्य जीवन में भौतिक सुरक्षा और संतोष के महत्व को नकारा नहीं जा सकता।
इस विषयक लेखों में हम आगे चलकर समय-समय पर हुए उन आंदोलनों और घटनाओं की भी चर्चा करेंगे जो हमारी सामाजिक और धार्मिक परम्पराओं में आ गयी बुराइयों को हटाने के लिए होते आए हैं और जिन्होंने इस धर्म और संस्कृति को ताजा और जीवित रखने में अपना योगदान दिया है।
हमको आज के इस युग में यह भी विचार करना होगा कि आखिर हम क्यों न भौतिक सुखों और समृद्धि को पाने के लिए उतनी ही शिद्दत से प्रयास करें जितना आधुनिक विकसित समाजों में किया जाता है। लेकिन इसके साथ यह भी जरूरी है कि समृद्धि की इस दौड़ में हम अपने सामाजिक और नैतिक दायित्वों को न भूलें।
और साथ ही साथ हममें से हर व्यक्ति को सनातन संस्कृति के एक सजग प्रहरी की भाँति यह भी ध्यान रखना होगा कि इस धर्म और संस्कृति के लंबे समय तक बने रहने का एक बड़ा कारण इसकी विविधता, संवाद और समय-समय पर अपने भीतर सुधार करने की क्षमता रही है।
यह कहना तो ठीक नहीं होगा कि हमारे समाज में कभी कट्टरता नहीं रही या इसमें बुराइयाँ नहीं आयीं। यदि ऐसा होता तो सामाजिक और धार्मिक सुधार के इतने आंदोलनों की आवश्यकता ही क्यों पड़ती?
लेकिन यह भी सच है कि इस समाज में उन बुराइयों के विरुद्ध आवाज उठाने वाले लोग और विचार सदैव रहे हैं।
आदिगुरु शंकराचार्य के दार्शनिक समन्वय से लेकर आगे चलकर रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानंद, राजा राममोहन राय, स्वामी दयानंद सरस्वती और अनेक अन्य विचारकों तथा समाज सुधारकों के उदाहरण हमारे सामने हैं। इनके विचार और उनके द्वारा अपनाए गए रास्ते एक जैसे नहीं थे, किन्तु इन सभी ने अपने-अपने ढंग से धर्म, समाज और मनुष्य के जीवन से जुड़े प्रश्नों पर विचार किया।
इन उदाहरणों से हमें यह भी समझना चाहिए कि अपनी संस्कृति से प्रेम करने का अर्थ यह नहीं है कि हम उसकी हर प्रथा को सही मान लें या उसमें समय के साथ आ गयी कमियों और बुराइयों से मुँह चुरा लें।
बल्कि मेरे विचार से अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति सच्चा सम्मान तो इसी में है कि हम उसकी अच्छी बातों को आगे बढ़ाएँ और जिन बातों में सुधार की आवश्यकता है, उनमें सुधार करने से पीछे न हटें।
यहाँ मैं एक अपना व्यक्तिगत अनुभव भी आप लोगों से साझा करना चाहूँगा।
मेरी बड़ी मौसी के पुत्र श्री विनय स्वरूप विश्व बैंक में काम करते थे और वाशिंगटन डी.सी., अमेरिका में रहते हैं। अभी कुछ दिन पहले वह अपनी पत्नी, हमारी दीपा भाभी के साथ एक समुद्री क्रूज़ पर थे, जो बहुत आनंददायक, वैभव और विलासपूर्ण था।
उस दौरान कई बार मेरी उनसे वीडियो कॉल पर बातचीत हुई और हमने पश्चिमी संस्कृति के भौतिकवाद, सुविधाओं, भौतिक सुखों आदि और साथ ही पूर्व की, यानी कि भारत की सनातन हिन्दू धर्म की संस्कृति और धर्म की भी चर्चा की।
यहाँ मैं यह कहना चाहूँगा कि विनय स्वरूप जी, जिनको हम बीनू दादा कहते हैं, और दीपा भाभी भी उतने ही सनातनी और हिन्दू हैं जितने हम सब लोग। वे भी हम लोगों की तरह पूजा-पाठ करते हैं, मंदिर भी जाते हैं, किन्तु साथ ही उन्होंने अपनी मेहनत से जीवन में यह मुकाम हासिल किया है और अपनी मेहनत के प्रतिफल का सुख भी उठाते हैं।
तो मेरे कहने का मतलब यह है कि ऐसे उदाहरण यह बताते हैं कि भौतिक सुखों और सनातन धर्म तथा संस्कृति में कोई आवश्यक कंट्राडिक्शन नहीं है।
अब चाहे तो ये मानिए कि भारतीय दर्शन में कई शाखाएँ हैं, कई विचारधाराएँ हैं और सभी सनातन की छतरी के नीचे हैं, या जो भी कहिए, किन्तु यह प्रश्न विचारणीय तो है ही कि क्या पश्चिमी संस्कृति की जीवन को भौतिक रूप से सुखमय बनाने की विचारधारा सनातन हिन्दू धर्म के मूल विचार से विपरीत है? या हमको इस विषय में और चिंतन करने की आवश्यकता है?
और एक प्रश्न यह भी है कि क्या भौतिक सुख-सुविधाओं का उपभोग करते हुए मनुष्य आध्यात्मिक रूप से भी उन्नति कर सकता है या इन दोनों के बीच वास्तव में कोई विरोध है?
आगे के लेखों में इस पहलू पर और गहन विचार करने का प्रयास करेंगे।
आज का लेख लंबा हो चला है, तो आज के इस लेख में बस इतना ही।
शेष फिर ………

Comments
Post a Comment