ज़िंदगी मेरी? 28 कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज लखनऊ का इतिहास

ज़िंदगी मेरी?-28 #AtulChaturvediKeKisse #Lucknow #ColvinTaluqdarsCollege ज़िंदगी मेरी सीरीज में आजकल मैं अपने लखनऊ और कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज के अनुभव लिख रहा हूँ। इस विषय में लिखते हुए मुझको लगा कि थोड़ा कॉल्विन कॉलेज के रोचक इतिहास के विषय में लिखना भी ठीक रहेगा। दरअसल लखनऊ के कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज की स्थापना की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। जैसा इतिहास में रुचि रखने वालों को पता ही होगा कि दुनिया के बहुत से देशों में प्राचीन काल से अभिजात्य वर्ग की शिक्षा-दीक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता था और इस किस्म की कहानियाँ, इतिहास और परम्पराएँ हमने लोककथाओं से लेकर इतिहास तक में पढ़ी-सुनी हैं। रामायण में ऋषि-मुनि राजपरिवार के बच्चों को विशेष शिक्षा के लिए अपने साथ ले गए, ऐसे किस्से हमने पढ़े हैं, फिर महाभारत में द्रोणाचार्य की कहानी से सब परिचित हैं। इस किस्म की शिक्षा का एक प्रमुख उद्देश्य राज्य और उसके हितों के लिए नयी नस्ल को तैयार करना भी होता था। आज के समय में जब कल्याणकारी राज्य की अवधारणा के आधार पर हमारे देश का शासन चलता है तो समाज की प्रगति, कल्याण और बेहतरी के उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था के मुख्य स्तम्भ माने जा सकते हैं। पर एक ज़माना था जब हमारे भारत में राजा-महाराजाओं, बड़े-बड़े ज़मींदारों और तालुकेदारों के बच्चों की शिक्षा के लिये अलग से शिक्षण संस्थान स्थापित किये जाते थे ताकि राजपरिवार से जुड़े लोगों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन के काबिल बनाने लायक शिक्षा दी जा सके और हाँ अंग्रेजी राज्य के समय में यह भी स्वाभाविक था कि अंग्रेज अपने हितों को ध्यान में रखकर ही इस किस्म की शिक्षा की व्यवस्था करें। तत्कालीन भारत के कुछ अन्य ऐसे कॉलेजों की भाँति ही कॉल्विन कॉलेज भी उसी दौर की देन है। सन् 1856 में अंग्रेजों ने अवध को अपने राज्य में मिला लिया था और अवध के नवाब वाजिद अली शाह को लखनऊ छोड़कर कलकत्ता जाना पड़ा था। अगले ही वर्ष 1857 का स्वतंत्रता संग्राम हुआ जिसमें अवध के तमाम तालुकेदारों ने भी अंग्रेजों के विरुद्ध बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। 1857 की इस घटना के बाद अवध के तालुकेदारों के प्रति अंग्रेजों की नीति में भी परिवर्तन आना ही था। शासन व्यवस्था में इन तालुकेदारों का सहयोग प्राप्त करने के प्रयास हुए। इसी दौर में उनके बच्चों की अंग्रेजी शासन व्यवस्था के अनुकूल शिक्षा के लिये विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं। अंग्रेजों के समय में एक व्यवस्था हुआ करती थी जिसे Court of Wards कहते थे। इसके अन्तर्गत कुछ परिस्थितियों में, जैसे किसी बड़ी ज़मींदारी का उत्तराधिकारी नाबालिग होने पर, उसकी संपत्ति का प्रबंधन और उसकी शिक्षा-दीक्षा सरकार की देखरेख में होती थी। लखनऊ में ऐसे बच्चों की शिक्षा के लिये कॉल्विन कॉलेज की स्थापना से पहले भी व्यवस्था थी। सन् 1884 में शुरू हुई ‘Wards Class’ ही आगे चलकर कॉल्विन कॉलेज की बुनियाद बनी। कॉल्विन कॉलेज की स्थापना के समय उत्तर-पश्चिमी प्रान्तों के लेफ्टिनेंट गवर्नर और अवध के चीफ कमिश्नर थे सर ऑकलैंड कॉल्विन (Sir Auckland Colvin)। उनके पिता जॉन रसेल कॉल्विन भी 1857 की क्रांति के समय उत्तर-पश्चिमी प्रान्तों के लेफ्टिनेंट गवर्नर थे। 9 सितम्बर 1857 को आगरा में उनकी मृत्यु हुई थी। कभी आगरा के किले में जायें तो वहाँ उनकी कब्र भी देख सकते हैं। ऑकलैंड कॉल्विन का नाम भारत के गवर्नर जनरल रहे लॉर्ड ऑकलैंड के नाम पर रखा गया था, जिनके साथ उनके पिता ने काम किया था। इतिहास की बात करें तो 1912 में प्रकाशित Dictionary of National Biography में इस विषय में एक दिलचस्प बात पढ़ने को मिलती है कि जिन ऑकलैंड कॉल्विन के नाम पर लखनऊ का यह प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान है, वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विरोधी थे और कांग्रेस की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाने वाले ए. ओ. ह्यूम से भी उनके मतभेद रहे थे। ऑकलैंड कॉल्विन स्वयं इंग्लैंड के प्रसिद्ध ईटन कॉलेज (Eton College) में पढ़े थे और इसलिए भी उनको इस किस्म के स्कूलों के विषय में जानकारी और अनुभव दोनों ही थे। 11 मार्च 1889 को लखनऊ में कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज की नींव रखी गई और 12 मई 1892 को जब यहाँ पढ़ाई शुरू हुई तो कुल जमा 16 विद्यार्थी थे, जिनमें से 13 हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी थे। कॉल्विन कॉलेज के पहले प्रिंसिपल हेनरी जॉर्ज इम्पी सिडन्स थे। अवध के तालुकेदारों की अपनी एक संस्था थी, British Indian Association of Oudh, जिसे अंजुमन-ए-हिन्द भी कहा जाता था। इसकी स्थापना 1861 में हुई थी। कॉल्विन कॉलेज की स्थापना और संचालन में इस संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। लखनऊ के कैनिंग कॉलेज की स्थापना में भी अवध के तालुकेदारों का योगदान रहा था। यही कैनिंग कॉलेज आगे चलकर लखनऊ यूनिवर्सिटी की बुनियाद बना। यहाँ थोड़ा सा ज़िक्र उन स्कूलों का भी कर दूँ जिन्हें अंग्रेज Public Schools कहते हैं। यहाँ यह भी बताना जरूरी है कि हमारे यहाँ Public School शब्द का जिस तरह प्रयोग होता है, इंग्लैंड और अमेरिका आदि देशों में इसका उससे कुछ अलग ही अर्थ होता है और इंग्लैंड तथा अमेरिका में भी इस शब्द का अर्थ एक जैसा नहीं है। अमेरिका के पब्लिक स्कूलों की हमारे यहाँ के सरकारी स्कूलों से तुलना की जा सकती है जबकि इंग्लैंड के ईटन, हैरो, रग्बी और विंचेस्टर जैसे प्रसिद्ध Public Schools वास्तव में निजी शिक्षण संस्थान हैं। आपको यह जानकर शायद आश्चर्य हो कि ईटन कॉलेज की स्थापना तो सन् 1440 में हुई थी, यानी बाबर के भारत में मुगल साम्राज्य की स्थापना करने के भी 86 वर्ष पहले! एक दिलचस्प बात यह भी है कि ईटन कॉलेज की स्थापना इंग्लैंड के राजा हेनरी षष्ठम ने 70 बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने के उद्देश्य से की थी और आगे चलकर यह अभिजात्य वर्ग का एक प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान बना। ब्रिटेन के अनेक प्रधानमंत्री इसी एक स्कूल के पढ़े हुए हैं। हालाँकि हमारे यहाँ भी गुरुकुल व्यवस्था और तक्षशिला और नालंदा जैसे शिक्षा केन्द्रों का इतिहास रहा है और वह इनसे सदियों पुराना है। अमेरिका में Phillips Academy और Phillips Exeter Academy जैसे प्रसिद्ध आवासीय विद्यालय हैं तो स्विट्जरलैंड में Le Rosey नाम का एक प्रसिद्ध आवासीय विद्यालय है जिसे School of Kings भी कहा जाता है। इस स्कूल की एक बड़ी दिलचस्प बात इसके दो कैम्पस होना भी है, जिनमें से एक स्विट्जरलैंड के पहाड़ी इलाके में है। बहरहाल इनमें से कई स्कूलों में एक ही परिवार की कई-कई पीढ़ियां पढ़ती रही हैं। भारत में भी अंग्रेजों के समय ऐसे कई शिक्षण संस्थान स्थापित हुए थे। राजकोट का राजकुमार कॉलेज, अजमेर का मेयो कॉलेज, इन्दौर का डेली कॉलेज, ग्वालियर का सिंधिया स्कूल और लाहौर का एचिसन कॉलेज (जो अब पाकिस्तान में है), इनकी स्थापना के पीछे मुख्यतः तत्कालीन राजपरिवारों और अभिजात्य वर्ग के बच्चों की शिक्षा का विचार था। कॉल्विन कॉलेज मुख्यतः अवध के तालुकेदारों के बच्चों के लिये स्थापित किया गया था। 1935 में स्थापित देहरादून के दून स्कूल के पीछे सोच कुछ अलग थी। मैंने कहीं पढ़ा है कि इसकी स्थापना की परिकल्पना करने वाले सतीश रंजन दास चाहते थे कि भारत में भी अंग्रेजों के Public Schools की अच्छी शैक्षणिक परम्पराओं के आधार पर एक ऐसा विद्यालय स्थापित हो जिसकी शिक्षा केवल राजपरिवारों के बच्चों तक ही सीमित न हो। इन शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, वाद-विवाद, अनुशासन, मिल-जुलकर रहना और बच्चों के व्यक्तित्व के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता था। हॉस्टल में रहने की भी अपनी एक शिक्षा होती थी जो किताबों से नहीं मिल सकती थी। कॉल्विन कॉलेज के पुराने इतिहास से सम्बन्धित एक सरकारी शिक्षा रिपोर्ट में बड़ा दिलचस्प विवरण मिलता है। उस समय कॉलेज में कुल जमा 47 विद्यार्थी थे और 1931 की हाईस्कूल की परीक्षा में कॉलेज के तीन विद्यार्थी बैठे थे जिनमें से केवल एक पास हुआ था! रिपोर्ट में कॉलेज के हॉस्टल और खेलकूद की व्यवस्थाओं की प्रशंसा के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई के प्रति गंभीरता पर भी सवाल उठाये गये थे। आगे चलकर सन् 1933 में तालुकेदारों के अलावा अन्य परिवारों के बच्चों के लिये भी इस कॉलेज के दरवाज़े खोल दिये गये। लखनऊ में गोमती के निकट एक विशाल परिसर में स्थित कॉल्विन कॉलेज की भी अपनी अलग ही परम्पराएं रही हैं और भारत की स्वतंत्रता के बाद इस स्कूल के छात्रों ने भी देश की शासन-प्रशासन व्यवस्था और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने कर्तव्यों के निर्वहन में बढ़-चढ़कर योगदान दिया है और दे रहे हैं। इस कॉलेज के पुराने विद्यार्थियों में अनेकों सैन्य अधिकारी, राजनीतिज्ञ, व्यापारी, उद्योगपति, शिक्षाविद, वैज्ञानिक, डॉक्टर, सिविल सर्वेंट्स और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के नामचीन लोग रहे हैं। आज़ादी के बाद देश में जब ज़मींदारी प्रथा समाप्त हुई तो अवध के बड़े-बड़े तालुकेदारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी परिवर्तन आया। कॉल्विन कॉलेज ने भी समय के साथ कई उतार-चढ़ाव देखे। इस कॉलेज का Motto है ‘Noblesse Oblige’। यह फ्रेंच भाषा की एक अभिव्यक्ति है। इन दो शब्दों का बहुत गहरा अर्थ है कि यदि समाज में आपको कोई विशेष स्थान या विशेषाधिकार प्राप्त है तो समाज के प्रति आपकी ज़िम्मेदारियां भी अधिक हैं। कॉल्विन कॉलेज के वार्षिक समारोह को दरबार डे कहा जाता है। नाम से ही इसके पुराने इतिहास का कुछ अंदाज़ा लग जाता है। यद्यपि समय के साथ-साथ इस आयोजन का भी रूप बदलता रहा है। एक समय ऐसा भी आया जब कुछ वर्षों के लिये दरबार डे के आयोजन की परम्परा टूट गई थी। सन् 2004 में लगभग पाँच वर्षों के अंतराल के बाद यह आयोजन फिर शुरू हुआ। 2007 में भारतीय डाक विभाग द्वारा कॉल्विन कॉलेज पर एक विशेष डाक आवरण (Special Postal Cover) भी जारी किया गया। जिस कॉलेज की स्थापना विशेष रूप से तालुकेदारों के बेटों को पढ़ाने के लिये की गई थी, समय के साथ चलते हुए वह कॉलेज आज लड़कियों को भी शिक्षा दे रहा है। कॉलेज में Old Boys' Week की भी परम्परा रही है जिसमें पुराने विद्यार्थी अपने कॉलेज में इकट्ठे होते हैं और वर्तमान विद्यार्थियों के साथ खेलकूद आदि में हिस्सा लेते हैं। हम लोग जब कॉल्विन में पढ़ते थे, उस समय के इन सब आयोजनों से जुड़ी बहुत सी मधुर स्मृतियाँ हैं जिनका ज़िक्र इस लेखमाला में मैं समय-समय पर करने का प्रयास भी करूँगा। जो लोग हॉस्टल में रहे हैं वे जानते ही हैं कि हॉस्टल में रहने वालों का अपने शिक्षण संस्थान से जो लगाव हो जाता है उसे शायद हॉस्टल में रहने वाले ही बेहतर समझ भी सकते हैं। उम्र के किसी भी पड़ाव पर पहुंच जायें, अपने पुराने हॉस्टल में पहुंचकर फिर वही लड़के बन जाते हैं जो कभी वहाँ रहा करते थे लेकिन सही बात ये भी है कि जो लोग हॉस्टल में न भी रहे हों उनका भी अपने शिक्षण संस्थानों से एक जबरदस्त लगाव होता ही है। यद्यपि मेरे विद्यार्थी जीवन के तो लगभग 15 वर्ष हॉस्टल में ही बीते हैं। आगे चलकर जब मैं इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के और अपने वहाँ के हॉस्टल के दिनों की चर्चा करूँगा तो बताऊँगा कि हम जैसे लोगों का भारत भारती, कॉल्विन के साथ ही कुछ ऐसा ही रिश्ता है अपने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सर गंगा नाथ झा हॉस्टल से भी। खैर अभी तो बात कॉल्विन कॉलेज के दिनों की हो रही है। अंग्रेज चले गये, राजा-महाराजाओं की रियासतें भारतीय संघ का हिस्सा बन गईं, तालुकेदारी और ज़मींदारी प्रथा भी समाप्त हो गई लेकिन उस ज़माने के ये शिक्षण संस्थान आज भी हैं। इनकी पुरानी इमारतों, हॉस्टलों और खेल के मैदानों से न जाने कितनी पीढ़ियों की कितनी कहानियां जुड़ी हुई हैं। कुछ लिखी गईं, कुछ किस्सों के रूप में एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचीं और न जाने कितनी अपने साथ लेकर लोग इस दुनिया से चले भी गये! आज के कॉल्विन कॉलेज के विषय में मुझको बहुत अधिक जानकारी नहीं है। समय के साथ-साथ वहाँ भी बहुत कुछ बदल गया होगा। कॉल्विन में अपने विद्यार्थी जीवन के जिन अनुभवों और किस्सों की चर्चा मैं इस लेखमाला में कर रहा हूँ, वे सत्तर के दशक की मेरी अपनी स्मृतियों पर आधारित हैं। अपनी इस लेखमाला ‘ज़िंदगी मेरी?’ के आगे के लेखों में खुद के अनुभव किये कुछ किस्से कॉल्विन कॉलेज के, लखनऊ के और जेल हाउस के भी मैं आप सब के साथ शेयर करूँगा और उम्मीद है कि आपको ये किस्से रोचक लगेंगे। आज के लिए बस इतना ही। शेष फिर ……….

Comments

पाठकों की पसंद

दिल्ली:बलबन का मकबरा

दिल्ली की भूल भुलैया;आधम खान का मकबरा

आज 20 अगस्त स्व0 राजीव गांधी जी के जन्मदिन के अवसर पर उनसे जुड़े मेरे कुछ संस्मरण

Jamali Kamali Mosque,Mehrauli,Delhi

Sindbad Travels-5