सिंदबाद ट्रैवल्स मुरानो-वेनिस-इटली काँच का काम करने वालों का तीर्थ स्थल मुरानो
सिंदबाद ट्रैवल्स
मुरानो-वेनिस-इटली
काँच का काम करने वालों का तीर्थ स्थल मुरानो
आज मेरे मन में एक विचित्र सा उत्साह था क्योंकि मैं मुरानो जाने वाला था।काँच का काम करने वालों के लिए मुरानो जाना एक ऐसे तीर्थस्थल या धाम की यात्रा के समान है जो करना जीवन को सार्थक बनाता है।
सुबह नाश्ता आदि करके वेनिस के अपने होटल से निकल कर मैं फोंडामेंटे नोवे टापू island of fondamente nove से वाटर टैक्सी लेकर मुरानो के लिए चल दिया।शांत समुद्री पानी में नाव हम बायीं तरफ पर तट से बैठे और पूरा घूम कर नाव दाहिनी तरफ की दिशा में चल दी।हमारे दाहिनी तरफ एक और टापू दिखा जिस को मिशेल चर्च टापू भी कहते हैं और वहाँ असल में बहुत बड़ी सिमेट्री भी है।
जब आप वेनिस या उस इलाके में कहीं भी निकलते हैं तो इमारतों का एक अलग किस्म का सौंदर्य नज़र आता है और कई बार ऐसा प्रतीत होता है कि ये सब जैसे जयपुर के जलमहल जैसी इमारतें हैं।वारामदे से बाहर पैर रखो तो पानी ही है।
वेनिस से लगभग 15 मिनट का फासला वाटर टैक्सी से तय करके उत्तर की तरफ लगभग डेढ़ किलोमीटर पर मुरानो शहर स्थित है।हमारी नाव मुरानो के समुद्री स्टेशन केलोवानो पर रुकी,मुरानो का तट हमारी बायीं ओर था जिस पर कदम रखते हुए मुझको एक अलग किस्म की प्रसन्नता की अनुभूति हो रही थी।मुरानो में पहली दृष्टि से ही जो दिख रहा था वो उसकी विशिष्टता और भव्यता को दर्शाती इमारतें,बाज़ार आदि थे।
प्रारम्भ में मुरानो को रोमन लोगों ने बसाया था।ईसवी सन 1291 में शहर की व्यवस्था और सुरक्षा के कारण वेनिस के सभी काँच बनाने वालों,काँच का काम करने वालों को मुरानो भेज दिया गया था।मुरानो के काँच बनाने वालों को वेनॉ और उस इलाके के समाज में एक विशिष्ट स्थान और सम्मान प्राप्त था। 14वीं शताब्दी तक मुरानो के ग्लास मेकर्स को तलवार धारण करने का विशिष्ट अधिकार मिल चुका था जो उस समय वहाँ के समाज में एक बड़ी और बहुत प्रतिष्ठा की बात थी।वेनेशियन राज्य द्वारा सजा से मुरानो के ग्लास मेकर्स को छूट प्राप्त थी उन पर राज्य-सरकार द्वारा मुकदमा नहीं चलाया जा सकता था।मुरानो के काँच बनाने वालों की लड़कियों की शादी वेनिस के सबसे सम्पन्न परिवारों में होती थी।इतनी सारी सुविधाएं के बाद एक बंधन भी मुरानो के ग्लास मेकर्स के लिए था और वो ये कि ये ग्लास मेकर्स और उनकी ग्लास बनाने की विशिष्ट तकनीक के रहस्य उस राज्य से बाहर नहीं जा सकते थे।
मुरानो में हर थोड़ी दूरी पर काँच की छोटी-छोटी और थोड़ी बड़ी भी फैक्ट्री हैं,काँच के उत्पादों की दुकानें और शो रूम हैं।इन शो रूम पर बिकने वाले काँच के सामान बहुत ही सुंदर तथा अत्यंत महँगे हैं।मैंने वहाँ पर बीस लाख रुपये के बराबर मूल्य तक के शेंडेलियर्स भी बिकते देखे लेकिन वहाँ का बना हर उत्पाद ऐसा जो लगे कि बहुत कलात्मकता और मन से बनाया गया है।उनकी डिज़ाइन,उनका रंग का संयोजन,उनकी कलात्मकता ऐसी है जो मैंने सारी दुनिया में कहीं भी नहीं देखी और कीमतें भी।सबसे बड़ी बात जो मैंने देखी वो यह थी कि वो अपने उत्पाद को बहुत सम्मान और गर्व से बेचते हैं।
Comments
Post a Comment